कृषि यंत्रीकरण मेला के पहले दिन ही किसानों में दिखा भारी उत्साह

0
204

आधुनिक कृषि उपकरणों पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान                                                                  बक्सर खबर। संयुक्त कृषि भवन परिसर में रविवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित दो दिवसीय कृषि यंत्रीकरण मेला का शुभारंभ उप विकास आयुक्त निहारिका छवि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। मेले के उद्घाटन सत्र में जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि अभियंत्रण के उप निदेशक, सहायक निदेशक तथा अनुमंडल कृषि पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों, कृषि समन्वयकों एवं किसान सलाहकारों ने किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के लाभ और सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले अनुदान की विस्तृत जानकारी दी। मेले के पहले ही दिन किसानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। राज्य सरकार की योजनाओं के तहत 40 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक के अनुदान पर कृषि यंत्र खरीदने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

मेले में किसानों द्वारा धान झाड़ने की मशीन, मिट्टी जोतने का यंत्र, घास हटाने की मशीन, चारा काटने की मशीन, पावर स्प्रेयर, उच्च घनत्व पॉली पाइप, आटा चक्की एवं मैनुअल कृषि किट जैसे उपकरण खरीदे गए। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 91 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध है। साथ ही जिले में अब तक 4 कस्टम हायरिंग सेंटर और 12 विशेष कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि कृषि यंत्र बैंक की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। कृषि अभियंत्रण के उप निदेशक ने किसानों से फसल अवशेष प्रबंधन वाले यंत्रों को अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इससे न केवल पर्यावरण की रक्षा होगी, बल्कि मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ेगी। मेले के दूसरे और अंतिम दिन सोमवार को भी कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी और बिक्री जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आधुनिक तकनीक से जुड़कर अपनी खेती को उन्नत बनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here