सैनिक कार्यालय का उद्घाटन, सर्वसम्मति से नई कमेटी का हुआ गठन बक्सर खबर। रविवार को सिमरी प्रखंड के बड़का सिघनपुरा स्थित पूर्व नायक शशि भूषण ओझा के मैरेज हॉल में पूर्व सैनिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सिमरी प्रखंड का विस्तार तथा नए प्रखंड अध्यक्ष का चुनाव करना था। बैठक की अध्यक्षता नायक शशि भूषण ओझा ने की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिमरी थाना प्रभारी ज्योति कुमारी एवं आईईएसएम के जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन से की गई। इस दौरान सिमरी सैनिक कार्यालय का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। चुनाव प्रक्रिया से पहले तत्कालीन प्रखंड अध्यक्ष नायब सूबेदार त्रिवेणी दुबे ने अपनी असमर्थता जताते हुए अध्यक्ष पद का कार्यभार नायक शशि भूषण ओझा को सौंपने की घोषणा की। इस प्रस्ताव का उपस्थित सभी सैनिकों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया और शशि भूषण ओझा को प्रखंड अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
नई कमेटी में नायक शशि भूषण ओझा को अध्यक्ष, नायब सूबेदार त्रिवेणी दुबे को सभापति, सार्जेंट बिनोद कुमार तिवारी को डायरेक्टर, हवलदार बृजनाथ सिंह यादव को उपाध्यक्ष, हवलदार संजय सिंह को उपाध्यक्ष, सूबेदार को रामेश्वर प्रसाद सचिव, हवलदार महेंद्र कुमार को कोषाध्यक्ष, हवलदार वशिष्ठ मुनि राय को मीडिया प्रभारी बनाया गया। साक्षी के रूप में डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार कमलेश्वर राय और चक्की प्रखंड अध्यक्ष कैप्टन भगवान सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। थाना प्रभारी ज्योति कुमारी ने सैनिकों की एकता, अनुशासन और जोश की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने चयनित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया तथा सैनिकों की समस्याओं से संबंधित दस्तावेजों की जांच भी की।
बैठक में उपस्थित सैनिकों ने पीसीडीए के प्रधान नियंत्रक कमलदीप सिंह एवं अन्य अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके समर्थन में जोरदार नारे लगाए। अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन किया गया, जिसकी घोषणा सभापति द्वारा की गई। इस अवसर पर उप कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, संयोजक रामनाथ सिंह, मीडिया प्रभारी सुदामा प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


































































































