गौवंश संरक्षण के लिए 27 अप्रैल को देशव्यापी आंदोलन की तैयारी

0
73

संत ओंकार दास महाराज के सान्निध्य में बैठक, 11 हजार हस्ताक्षरों के साथ एसडीएम को सौंपा जाएगा ज्ञापन                                   बक्सर खबर। गौ सम्मान आह्वान अभियान को लेकर शनिवार देर शाम शहर के आदर्श गौशाला परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। देशभर में चल रहे जन-जागरण अभियान के तहत आयोजित इस बैठक में संत समाज, गौभक्तों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में बनारस से पधारे पूज्य संत ओंकार दास जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक की शुरुआत गौमाता के प्रति श्रद्धा अर्पित कर की गई। इसके बाद अभियान के उद्देश्यों, रणनीतियों और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वर्तमान समय में गौवंश की स्थिति चिंताजनक है और इसके संरक्षण के लिए समाज और सरकार को मिलकर ठोस कदम उठाने होंगे।

छात्र नेता खुशबू पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि गौ सम्मान आह्वान अभियान एक राष्ट्रव्यापी चेतना आंदोलन है, जिसका उद्देश्य गौमाता को सम्मान दिलाना, उनके संरक्षण के लिए सशक्त कानून बनवाना और समाज में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने युवाओं की भूमिका को अहम बताते हुए गांव-गांव और घर-घर अभियान को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने जानकारी दी कि अभियान के प्रथम चरण में 27 अप्रैल को देशभर में प्रत्येक अनुमंडल पदाधिकारी को कम से कम 11 हजार हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। इसके माध्यम से गौसंरक्षण से जुड़ी प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी जाएंगी, जिनमें कड़े कानून, अवैध कत्लखानों र प्रतिबंध, पशु तस्करी पर नियंत्रण और स्थायी संरक्षण व्यवस्था शामिल है।

संत ओंकार दास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति की आधारशिला हैं और उनका सम्मान समाज में समृद्धि और शांति लाता है। उन्होंने इस अभियान को सेवा के रूप में अपनाने की अपील की। अन्य वक्ताओं ने भी गौसंरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रशासन से अवैध गतिविधियों पर सख्ती और गौसेवा को बढ़ावा देने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर 27 अप्रैल को गौ सम्मान दिवस को ऐतिहासिक बनाने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक में पूनम चौबे, हरिशंकर गुप्ता, आदित्य चौधरी, रोहतास गोयल सहित कई लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here