दरवाजा खोलते ही किशोरी को मारी गोली, मौके पर मौत

0
4418

——दिनदहाड़े हत्या से गांव में दहशत, जांच में जुटी पुलिस                                                                     बक्सर खबर। जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत अरियांव गांव में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अज्ञात हमलावर ने दरवाजा खोलते ही 15 वर्षीय किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान श्वेता कुमारी 15 वर्ष, पिता बबलू उपाध्याय, निवासी अरियांव गांव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर के समय घर के सभी सदस्य विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान दरवाजे पर दस्तक हुई। श्वेता जैसे ही दरवाजा खोलने पहुंची, पहले से घात लगाए हमलावर ने उस पर गोली चला दी। किशोरी ने जान बचाने के लिए घर के अंदर भागने का प्रयास किया, लेकिन गोली उसकी पीठ में जा लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

परिजन गोली की आवाज सुनकर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। परिजनों के सामने ही किशोरी ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, थानाध्यक्ष रवि कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस निर्मम हत्या से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here