राज्यसभा सदस्य बनने पर दी बधाई, जिले की राजनैतिक नब्ज से मुख्यमंत्री को कराया अवगत बक्सर खबर। जनता दल यूनाइटेड के संगठनात्मक मजबूती को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को जदयू के जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ की तस्वीर भेंट कर उनका अभिनंदन किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच जिले में संगठन के विस्तार और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर गंभीर चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री को बक्सर जिले में पार्टी की वर्तमान स्थिति तथा जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत फीडबैक दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष यह भी कहा कि जिले के कार्यकर्ताओं और आम जनता की प्रबल इच्छा है कि प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री पुनः जदयू से ही हो। उन्होंने विश्वास जताया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास के जो नए आयाम स्थापित किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए जदयू का नेतृत्व आवश्यक है।






























































































