चलती ट्रेन में शराब तस्करों का तांडव: उत्पाद विभाग की टीम पर पथराव

0
246

चेन पुलिंग कर भागे तस्कर, लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस में मची अफरा-तफरी                                  बक्सर खबर। दानापुर रेलखंड के बरूना और डुमरांव रेलवे स्टेशन के बीच बुधवार को लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस में शराब तस्करों और उत्पाद विभाग की टीम के बीच हिंसक स्थिति बन गई। चलती ट्रेन में अचानक हुई पत्थरबाजी से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। डर के कारण कई यात्री सीटों के नीचे छिप गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार 12336 डाउन लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस के इंजन के पीछे लगे सामान्य कोच में चार शराब तस्कर अवैध शराब लेकर सवार थे। गुप्त सूचना मिलने पर उत्पाद विभाग की टीम ट्रेन में चढ़कर तस्करों को पकड़ने पहुंची।

उत्पाद विभाग की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्करों ने डुमरांव स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पहले चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। इसके बाद तस्कर झोले में रखी शराब लेकर ट्रेन से कूदकर भागने लगे। उत्पाद विभाग की टीम ने पीछा किया तो तस्करों ने रेलवे लाइन के किनारे पड़े पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। अचानक हुई पत्थरबाजी से पूरे कोच और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। मौके का फायदा उठाकर तस्कर शराब के साथ फरार हो गए। बाद में ट्रेन में मौजूद एस्कॉर्ट पार्टी नीचे उतरी और स्थिति को सामान्य कराया। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर से शराब तस्करी की सूचना पर टीम छापेमारी के लिए ट्रेन में गई थी। कार्रवाई के दौरान तस्करों ने हमला कर दिया और फरार हो गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here