जिला अधिवक्ता संघ ने आशुलिपिक चंद्रशेखर दास के निधन पर जताया गहरा दुख बक्सर खबर। जिला अधिवक्ता संघ ने व्यवहार न्यायालय के एक कर्मचारी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। संघ ने दिवंगत आत्मा के सम्मान में 13 अप्रैल को खुद को सभी न्यायिक कार्यों से अलग रखने का निर्णय लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, व्यवहार न्यायालय के पंचम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश के न्यायालय में पदस्थापित आशुलिपिक चंद्रशेखर दास का निधन 12 अप्रैल को इलाज के दौरान हो गया। बताया गया कि वे जनवरी 2025 से इस पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर फैलते ही न्यायिक जगत और अधिवक्ता संघ में शोक की लहर दौड़ गई।
जिला अधिवक्ता संघ के सचिव द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि चंद्रशेखर दास एक कुशल और मृदुभाषी कर्मचारी थे। उनके निधन से संघ के सभी सदस्य मर्माहत और दुखी हैं। शोक की इस घड़ी में दिवंगत कर्मचारी के सम्मान में अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सोमवार को कोई भी अधिवक्ता किसी भी न्यायालय में कार्य नहीं करेगा। पत्र पर संघ के दर्जनों पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने हस्ताक्षर कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।






























































































