धावा दल की छापेमारी में नाबालिग को कराया गया विमुक्त, दोषी नियोजकों पर एफआईआर बक्सर खबर। जिले में बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से गठित बाल श्रमिक धावा दल ने ब्रह्मपुर प्रखंड के रघुनाथपुर बाजार में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विनोद ऑटो केयर सेंटर में कार्यरत एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया। बाद में उसे जिला बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया गया। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी नियोजकों पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि विमुक्त बाल श्रमिक को सरकार की ओर से तत्काल तीन हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 हजार रुपये उसके खाते में जमा कर एफडी कराई जाएगी। धावा दल में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ब्रह्मपुर अमरजीत कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चक्की-सह-डुमरांव अमित कुमार तथा स्व. कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के अजित कुमार शामिल रहे। छापेमारी अभियान में ब्रह्मपुर थाना पुलिस बल की भूमिका भी सराहनीय रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में बाल श्रम को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।































































































