चुनाव हारे तो सोशल मीडिया पर उगल दिया जहर, चक्रवर्ती चौधरी के खिलाफ पार्षदों ने दी तहरीर

0
181

मुख्य पार्षद प्रतिनिधि से एक-एक लाख रुपये लेने के बेबुनियाद आरोप पर भड़के वार्ड पार्षद, निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग                                  बक्सर खबर। नगर परिषद बक्सर में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। चुनाव में हार के बाद एक वार्ड पार्षद द्वारा सोशल मीडिया पर दिए गए बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामले को लेकर कई वार्ड पार्षदों ने नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को संपन्न हुए चुनाव में वार्ड संख्या-27 के पार्षद चक्रवर्ती चौधरी को मात्र दो मत मिले। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी इंद्र प्रताप सिंह ने 10 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। दूसरी ओर अंजू सिंह, झब्बु राय और दिलीप कुमार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। एक अन्य मुकाबले में मनोज गुप्ता को 10 मत मिले, जबकि जगदीश कुमार को केवल तीन मत प्राप्त हुए। चुनाव परिणाम आने के बाद शाम करीब छह बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। आरोप है कि वीडियो में पराजित प्रत्याशी चक्रवर्ती चौधरी ने नगर परिषद के वार्ड पार्षदों पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियामुतल्लाह फरीदी से एक-एक लाख रुपये लेकर मतदान करने का आरोप लगाया।

इस बयान से नाराज वार्ड पार्षद नगर थाना पहुंचे और लिखित आवेदन सौंपा। वार्ड संख्या-10 के पार्षद राहुल कुमार ने आवेदन में कहा कि वीडियो में लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे, बेबुनियाद और भ्रामक हैं। इससे सभी पार्षदों की सामाजिक छवि धूमिल हुई है। पार्षदों ने कहा कि इस तरह के आरोपों से उन्हें मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। नगर थाना में दिए गए आवेदन पर राहुल कुमार, गणेश यादव, राजकुमार ठाकुर, दीपक सिंह, हिटलर कुमार सिंह, शहबाज अख्तर, विनोद माली और चंदन कुमार पाठक समेत कई पार्षदों के हस्ताक्षर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here