जिले में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद, कार्यकर्ताओं ने सरकार का जताया आभार बक्सर खबर। ब्रह्मपुर-सरेंजा-इटाढ़ी-बक्सर-कुकुढ़ा-इंदौर समदा पथ निर्माण योजना को बिहार सरकार के मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने पर भाजपा युवा मोर्चा ने खुशी जाहिर की है। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने इसे जिले के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय ने कहा कि इस सड़क निर्माण योजना से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस सड़क निर्माण की घोषणा 17 फरवरी 2022 को तत्कालीन पथ निर्माण विभाग के सह प्रभारी मंत्री एवं भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कैथना गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की थी। अब मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद लोगों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। अविनाश पांडेय ने कहा कि यह योजना क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे गांव और शहर के बीच संपर्क मजबूत होगा। भाजयुमो की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पथ निर्माण मंत्री शैलेन्द्र कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
































































































