9 कुंडीय विराट गायत्री महायज्ञ की तैयारी शुरू

0
84

108 देवकन्याओं ने किया भूमिपूजन, 31 मई से 3 जून तक चलेगा संस्कार महोत्सव                                    बक्सर खबर। सिमरी प्रखंड के एकौना गांव स्थित काली मंदिर प्रांगण में रविवार को विराट गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ हो गया। गायत्री शक्तिपीठ जिला गायत्री परिवार ट्रस्ट के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के लिए 108 देवकन्याओं द्वारा विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम परिक्रमा से हुई। इसमें गांव के सैकड़ों श्रद्धालु, महिलाएं और गायत्री परिवार के कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि 31 मई से 3 जून तक श्रीमद प्रज्ञा पुराण कथा एवं संस्कार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 31 मई को भव्य कलश यात्रा निकलेगी। इसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

एक जून को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धेय दंपत्तियों द्वारा महायज्ञ का शुभारंभ किया जाएगा। दो जून को यज्ञशाला में पुंसवन, नामकरण, अन्नप्राशन, मुंडन, विद्यारंभ, यज्ञोपवीत एवं गुरु दीक्षा संस्कार निःशुल्क कराए जाएंगे। इसी दिन संध्या में विराट गायत्री दीप महायज्ञ का आयोजन होगा। जन्मदिन, विवाह दिवस एवं अन्य संस्कार भी वैदिक रीति से संपन्न होंगे। तीन जून को वैदिक आहुतियों के साथ महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी। इसके बाद महाप्रसाद वितरण तथा शांतिकुंज से आए प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here