प्रेम विवाह से बौखलाए परिजन, बेटी को बनाया बंधक

0
842

सुबह पुलिस को खदेड़ा, देर शाम भारी फोर्स पहुंची तो माता-पिता समेत तीन भाई गिरफ्तार                         बक्सर खबर। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद एक युवती को घर में बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए युवती के माता-पिता समेत तीन भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नया भोजपुर थाना क्षेत्र की एक बालिग युवती ने कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक युवक से इसी वर्ष फरवरी माह में कोर्ट मैरिज की थी। शादी के कुछ समय बाद युवती के परिजन उसे बहला-फुसलाकर वापस घर ले आए। परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कराने का भरोसा दिया था। युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसे करीब दस दिनों तक घर में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और कई बार भोजन तक नहीं दिया गया। युवती ने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता और भाई उसकी तथा उसके प्रेमी की हत्या की साजिश भी रच रहे थे।

इधर, पत्नी के साथ हो रहे अत्याचार की जानकारी मिलने पर युवक युवती के घर पहुंचा। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसका सिर फोड़ दिया गया। इसके बाद युवक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बुधवार की सुबह नया भोजपुर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। लेकिन युवती के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी और हाथापाई भी की गई। विरोध बढ़ता देख पुलिस टीम को वापस लौटना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ पोलस्त कुमार के निर्देशन में देर शाम दोबारा छापेमारी की गई। नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस और भारी संख्या में अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस ने मौके से पिता हरिशंकर प्रसाद, मां संजू देवी और तीनों भाई शुभम कुमार, विकास कुमार तथा विष्णु कुमार को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूरे मामले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पहला केस युवती के बयान पर, दूसरा युवक के बयान पर और तीसरा पुलिस टीम के साथ हाथापाई के आरोप में दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here