एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं ने लिया प्रशिक्षण, फायर ब्रिगेड ने किया लाइव डेमो बक्सर खबर। शहर के डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में शुक्रवार को अग्निशमन जागरूकता एवं मॉक ड्रिल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं को आग से बचाव और राहत कार्य की व्यावहारिक जानकारी दी गई। फायर ब्रिगेड के पदाधिकारियों और कर्मियों ने मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन स्थिति में सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के तरीके बताए। छात्रों को आग लगने पर क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर बनाने तथा पिकिंग अप ड्रिल का अभ्यास कराया गया।
वहीं डिलिवरी होज के जरिए पानी की बौछार करने का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। फायर एक्स्टिंग्विशर चलाने की विधि, बीए सेट के उपयोग तथा गैस सिलेंडर में लगी आग बुझाने का डेमो भी दिखाया गया। बिजली से लगने वाली आग पर नियंत्रण के उपायों की भी जानकारी दी गई। सदर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी और सब ऑफिसर भानु प्रताप नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से छात्र भविष्य में किसी भी अग्निकांड के दौरान सही निर्णय लेने में सक्षम होंगे।

































































































