लेंसकार्ट और आइडेमिया सिसकॉम जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी सीधी भर्ती, 10वीं पास से लेकर स्नातक तक को मौका बक्सर खबर। जिला नियोजनालय द्वारा 21 अप्रैल को एक दिवसीय जॉब कैम्प का आयोजन किया जाएगा। यह कैम्प शहर के संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित नियोजनालय परिसर में आयोजित होगा, जहां अभ्यर्थियों का चयन मौके पर ही किया जाएगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि इस जॉब कैम्प में दो प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी, जो विभिन्न पदों पर कुल 400 अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। पहली कंपनी लेंसकार्ट द्वारा ऑपरेटर पद के लिए 200 रिक्तियां निकाली गई हैं। इस पद के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं आईटीआई (किसी भी ट्रेड) पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 12,726 से 15,210 रुपये तक वेतन दिया जाएगा। आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित है। कार्यस्थल भिवाड़ी, राजस्थान होगा। कंपनी द्वारा उपस्थिति प्रोत्साहन, रियायती भोजनालय और बस सेवा की सुविधा भी दी जाएगी।
वहीं दूसरी कंपनी आइडेमिया सिसकॉम द्वारा मशीन ऑपरेटर (एटीएम कार्ड एवं सिम कार्ड कार्य) के लिए 200 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। वेतन 11,500 से 14,500 रुपये के बीच निर्धारित है तथा आयु सीमा 18 से 30 वर्ष रखी गई है। कार्यस्थल नोएडा होगा। कंपनी की ओर से 900 रुपये बोनस, निःशुल्क भोजन तथा ओवरटाइम पर दोगुना वेतन दिया जाएगा। जॉब कैम्प में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का जिला नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी अब तक पंजीकृत नहीं हैं, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा और आधार कार्ड के साथ निर्धारित तिथि को कैम्प में उपस्थित हो सकते हैं। यह जॉब कैम्प पूर्णतः निःशुल्क है। यह रोजगार मेला पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित किया जाएगा। नियोजनालय की भूमिका इस पूरी प्रक्रिया में केवल सुविधा प्रदाता की होगी, जबकि नियुक्ति से जुड़ी शर्तों के लिए संबंधित कंपनियां स्वयं जिम्मेदार होंगी।






























































































