भीषण गर्मी में लाखों श्रद्धालुओं ने मां काली के दरबार में लगाई हाजिरी 

0
242

बुढ़िया काली मंदिर में पंचित पूजा धूमधाम से संपन्न, मंदिर परिसर में दिनभर लगा मेला, देर रात तक चला दर्शन                                                                   बक्सर खबर। नगर के बाईपास रोड स्थित प्रसिद्ध बुढ़िया काली मंदिर में सोमवार को वार्षिक पंचित पूजा बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई। भीषण गर्मी के बावजूद लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां काली के दरबार में हाजिरी लगाई और परिवार की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगी। सुबह 4 बजे से पंचित पूजा की शुरुआत हुई जो लगभग साढ़े सात बजे तक चली। इसके बाद मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी, जो देर रात तक जारी रही। आयोजन की भव्यता और श्रद्धालुओं के उत्साह ने मंदिर को मेले में तब्दील कर दिया। पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जय मां काली बक्सर नगर वाली समिति की ओर से शरबत, जल सेवा, नि:शुल्क जूता-चप्पल पंडाल और गर्मी से बचाव के लिए टेंट लगाए गए थे। जैसे-जैसे दिन ढलता गया, श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ती गई। हर कोई कतारबद्ध होकर मां के दरबार में माथा टेकता नजर आया। मंदिर में सुबह, दोपहर और शाम को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना की गई।

समिति के सचिव शिव कुमार खेमका ने बताया कि देर शाम महाआरती का आयोजन किया गया जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों का मानना है कि बुढ़िया काली माता के दरबार से कोई खाली हाथ नहीं लौटता। समिति सदस्य बसंत कुमार ने बताया कि मंदिर का इतिहास बहुत पुराना है। पहले यहां नीम के पेड़ के नीचे एक पिंड के रूप में देवी की पूजा होती थी, जिससे इन्हें बुढ़िया काली कहा जाने लगा। मान्यता है कि नगर में जब कभी महामारी या विपत्ति आई, मां काली ने नगरवासियों की रक्षा की। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समिति की ओर से 100 वोलंटियर्स की तैनाती की गई थी। वहीं पुलिस प्रशासन भी ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था में पूरे दिन जुटा रहा।

मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंची महिलाएं

पूरे आयोजन में मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रदीप राय,सचिव शिव कुमार खेमका, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार सर्राफ, बसंत कुमार, बिट्टू केशरी, बड़े वर्मा, आदित्य कुमार, रेणु अग्रवाल, संजय चौधरी, बिहारी जी केशरी, लाल जी वर्मा, बिनोद वर्मा, दीपक जायसवाल, बिंदा वर्मा, मनोज कुमार, सुनील कुमार, निक्की वर्मा मानिकचंद्र वर्मा, संतोष केशरी, अभिषेक वर्मा, भोला सोनी, गोपी वर्मा संदीप वर्मा अमन वर्मा बड़े वर्मा,रवि साह पहाड़ी वर्मा ,सन्नी वर्मा, किसान वर्मा, अनूप वर्मा, प्रकाश केशरी, राजकपूर वर्मा, डिंपल विवेक वर्मा, अनिल पटवा, आकाश वर्मा, रवि वर्मा, राम जी अग्रवाल सहित सैकड़ों सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभाईं। सभी सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा में पूरे दिन सक्रिय नजर आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here