डीएम के निर्देश पर वरीय अधिकारियों ने प्रखंडों में जांची खाद्यान्न की गुणवत्ता और स्टॉक बक्सर खबर। बिहार लक्ष्यित सार्वजनिक वितरण प्रणाली आदेश, 2016 के प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिले में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान जिलाधिकारी साहिला के निर्देशानुसार संचालित किया गया, जिसमें वरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों में संचालित जन वितरण प्रणाली दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों पर उपलब्ध खाद्यान्न, वितरण प्रक्रिया और अभिलेखों की गहन जांच की।
साथ ही, उपभोक्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें मिलने वाले राशन की नियमितता और गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली गई। कई स्थानों पर लाभुकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य जन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुचारु बनाना है, ताकि सभी पात्र लाभुकों को समय पर और उचित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित डीलरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।





























































































