लेखनी से समझौता न करने वाले जुझारू योद्धा को किया गया याद बक्सर खबर। पत्रकार विवेक कुमार सिन्हा की 13वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को विवेक सिन्हा स्मृति संस्थान द्वारा स्मृति सभा सह रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके पैतृक गांव चुरामनपुर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। वहीं जिला अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने व्यवहार न्यायालय परिसर में उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के अध्यक्ष विनय कुमार सिन्हा और शहर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. भूपेंद्र नाथ की संयुक्त अध्यक्षता में हुआ। अधिवक्ता विनय सिन्हा ने कहा कि विवेक कुमार सिन्हा जिले के होनहार और संघर्षशील पत्रकार थे, जिन्होंने अपनी लेखनी के साथ कभी समझौता नहीं किया और हमेशा समाज के हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज को प्रमुखता से उठाया।संस्थान की सचिव दीपशिखा ने उन्हें आदर्श शिक्षक, संवेदनशील पत्रकार और जुझारू अधिवक्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने कम उम्र में ही पत्रकारिता जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बना ली थी और सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहे।
वहीं उनके सहयोगी शिक्षक विमल कुमार सिंह ने बताया कि उनकी स्मृति में स्थापित विवेक कुमार सिन्हा स्मृति संस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है, ताकि उनके विचार और आदर्श समाज में जीवित रहें। दैनिक जागरण के जिला प्रभारी शुभनारायण पाठक ने कहा कि विवेक सच्चे अर्थों में पहले एक अच्छे इंसान थे और उनकी आत्मीयता ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी थी। उन्होंने प्रभात खबर में ब्यूरो चीफ के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर स्थानीय जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में कुल 10 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में विमल कुमार सिंह, राकेश कुमार, शुभम कुमार, शुभम ओझा, अविनाश कुमार, अभिनव वशिष्ठ, सरोज कुमार, प्रकाश पासवान और सोहैल खान शामिल रहे। कार्यक्रम में उज्ज्वल सिन्हा, दीपांकर सिन्हा, अखौरी सुशील सिन्हा, रणवीर सिंह, अर्जुन, पप्पू पासवान, सूर्यकांत पाण्डेय, धर्मेंद्र सिंह, धीरज पाण्डेय, धर्मेंद्र पाण्डेय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।































































































