एनएच-922 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग ने तोड़ा दम, मोहनिया मार्ग पर बाइक की टक्कर से अज्ञात वृद्ध की मौत बक्सर खबर। जिले में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक ओर जहां राजपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक अज्ञात वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर एनएच-922 पर हुए हादसे में एक बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पहली घटना चौसा–मोहनिया मुख्य मार्ग पर रामपुर गांव के समीप हदहदवा पुल के पास हुई। यहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने साइकिल सवार करीब 75 वर्षीय अज्ञात वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार नवविवाहित दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान मगराव गांव निवासी 21 वर्षीय विक्की कुमार, उसकी पत्नी खुशी और साले अभिषेक (निवासी नोनार, थाना रामगढ़) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि खुशी की स्नातक परीक्षा चल रही थी और उसे दिलाने के लिए सभी रामगढ़ जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि हदहदवा पुल के पास बाइक अचानक असंतुलित हो गई और सामने से आ रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों बाइक सवार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकालकर पहले प्राथमिक उपचार कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस शिनाख्त में जुटी है।
वहीं दूसरी घटना पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर बड़का ढकाइच चौक के समीप हुई। यहां सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय रामाश्रय दूबे को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से गंभीर रूप से घायल रामाश्रय दूबे को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक बड़का ढकाइच गांव के निवासी बताए जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुराने सदर अस्पताल भेज दिया।
































































































