– एक पक्ष की शिकायत निजी जमीन पर हो रहा रास्ते का निर्माण
बक्सर खबर। ब्रह्मपुर थाना के जवही दियर पंचायत के महाजी डेरा गांव में रास्ते का विवाद इन दिनों काफी सुर्खियों में है। यहां एक पक्ष का कहना है। उसकी निजी जमीन में रास्ता बन रहा है। और काम का विरोध करने पर विधायक शंभूनाथ यादव, हरेंद्र यादव, चन्द्रलाल यादव समेत सैकड़ों की संख्या में लोग आए और जान मारने की नियत से राइफल मांगने लगे। यह शिकायत अजय कुमार पिता रामायण यादव ने की है। उनका दावा है, पैतृक कृषि भूमि मौजा सपही नवबरार, थाना संख्या 522, खाता 84, प्लॉट 243, रकबा 2 एकड़ 14 डिसमिल पर उनकी सहमति के बिना जबरन सड़क निर्माण कराया जा रहा था।
आरोप है कि 7 अप्रैल को ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ यादव ने वहां विवाद किया। अपने आवेदन में उन्होंने इस बात का उल्लेख भी किया है। उक्त भूमि विवाद को लेकर पटना उच्च न्यायालय में मामला लंबित है। इसका हवाला देने पर आरोपित भड़क गए और मारपीट, धमकी व प्रताड़ना करने लगे। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि विधायक द्वारा अपने सहयोगी से राइफल मांगने की बात कही गई, जिसका वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है। दूसरे पक्ष से बगेन गोला थाना क्षेत्र के मठियापुर निवासी धनंजय यादव ने भी प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
इसी दौरान जवही दियर के कुछ लोग लाठी-डंडा और लोहे के औजार लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए काम बंद करा दिया। धनंजय यादव के अनुसार आरोपितों ने पहले से किए गए कार्य को ट्रैक्टर से उखाड़ दिया तथा मजदूरों को धमकी दी। साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी भी दी गई। जिसमें बच्चा लाल यादव विशेश्वर यादव श्री नारायण यादव रामजी यादव एवं अजय यादव के साथ अन्य सात लोग शामिल थे। एसपी कार्यालय ने भी इसकी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है, दोनों तरफ की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक जांच चल रही है।






























































































