पेट्रोल पंप के पास वारदात, खलासी के खाना खाने जाने के दौरान हुई घटना बक्सर खबर। शहर के बाइपास रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप खड़े एक ट्रक का गेट तोड़कर उचक्कों ने 20 हजार रुपये नकद और दो बैट्री चोरी कर ली। घटना को लेकर पीड़ित ट्रक चालक ने टाउन थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर गांव निवासी सत्यनारायण साह के पुत्र विकास कुमार पेशे से ट्रक चालक हैं।
नो एंट्री के कारण उन्होंने अपना ट्रक बाइपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर दिया था और खुद गांव चले गए थे। ट्रक में खलासी मौजूद था। बताया जाता है कि रात करीब 11 बजे खलासी ट्रक को लॉक कर पास के होटल में खाना खाने चला गया। जब वह खाना खाकर लौटा तो ट्रक का गेट टूटा हुआ मिला। घटना की जानकारी उसने तुरंत चालक को दी। मौके पर पहुंचे चालक ने देखा कि ट्रक में रखे 20 हजार रुपये नकद और दो बैट्री गायब हैं।






























































































