– पंचायतों में मोक्षधाम निर्माण के लिए जल्द प्रस्ताव भेजने का निर्देश, 32 पंचायतों में बनेंगे कन्या विवाह मंडप
बक्सर खबर। जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में पंचायती राज विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पंचायतों में मोक्षधाम निर्माण के लिए प्रस्ताव जल्द भेजना सुनिश्चित करें। साथ ही उक्त स्थलों पर कबीर अंत्येष्टि योजना का लाभ, शवदाह पर्ची और मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
कार्य में शिथिलता को लेकर सिमरी और डुमरांव के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया। वहीं पंचायत समिति तथा 15वीं वित्त आयोग और छठी राज्य वित्त आयोग की योजनाओं में कम राशि खर्च करने वाले प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया। जिलाधिकारी ने सबसे कम खर्च करने वाले पंचायत सचिवों से भी कारण पूछने का निर्देश दिया और पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।

बैठक में बताया गया कि कन्या विवाह मंडप योजना के तहत जिले की 32 पंचायतों में निर्माण की स्वीकृति मिली है। डीएम ने जिला पंचायत राज पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जहां एनओसी प्राप्त हो चुकी है वहां जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। इसके अलावा पंचायतों में अकार्यरत सोलर स्ट्रीट लाइट के मामले में संबंधित एजेंसी से दंड राशि वसूली करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं का निरीक्षण करते हुए नियमित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।






























































































