बैठक में मृदा स्वास्थ्य, दुग्ध उत्पादन और पशु टीकाकरण पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश बक्सर खबर। जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डिजिटल फसल सर्वेक्षण की समीक्षा के दौरान ब्रह्मपुर प्रखंड में मात्र 41.7 प्रतिशत सर्वे होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और इसे अत्यंत खेदजनक बताया। इस पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी ब्रह्मपुर तथा अनुमंडल कृषि पदाधिकारी डुमरांव से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया। वहीं इटाढ़ी प्रखंड में सर्वेक्षण 85.7 प्रतिशत पूर्ण होने के बावजूद केवल 40.3 प्रतिशत प्लॉट स्वीकृत कर अग्रसारित किए जाने पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष जताते हुए संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा।
मृदा स्वास्थ्य योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि माहवार फसल के अनुसार उर्वरक की अनुशंसित मात्रा का विवरण तैयार कर किसानों के बीच पम्पलेट के माध्यम से उसका वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकें। गव्य विकास विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग लगाने का निर्देश दिया। साथ ही आत्मा के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त किसानों को दुधारू पशु उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि महादलित टोलों में विशेष अभियान चलाकर पशुओं का टीकाकरण कराया जाए, ताकि पशुओं में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम हो सके।






























































































