बुनियादी सुविधाओं और न्यायिक सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने का मिला आश्वासन बक्सर खबर। स्थानीय व्यवहार न्यायालय परिसर में शुक्रवार को दो दिवसीय निरीक्षण दौरे पर पहुंचीं निरीक्षी न्यायाधीश सोनी श्रीवास्तव का जिला बार एसोसिएशन की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बबन ओझा, महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय तथा अधिवक्ता रविन्द्र कुमार सिन्हा समेत अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं भगवान वामन का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान बार एसोसिएशन की ओर से न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक हॉल निर्माण, रेलवे कोर्ट की स्थापना, पोस्ट ऑफिस तथा एटीएम जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। अधिवक्ता रविन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि व्यवहार न्यायालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिवक्ता, मुवक्किल एवं आम लोग पहुंचते हैं, लेकिन पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
निरीक्षी न्यायाधीश सोनी श्रीवास्तव ने बार एसोसिएशन की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में सुविधाओं का विस्तार तथा न्यायिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और सुविधाजनक बनाना समय की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर की व्यवस्थाओं, न्यायिक कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया। वहीं, शनिवार को आयोजित होने वाली वर्ष की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि लोक अदालत का उद्घाटन शनिवार सुबह नौ बजे निरीक्षी न्यायाधीश द्वारा जिले के आला अधिकारियों की उपस्थिति में किया जाएगा। इसकी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।


































































































