केवाईसी अपडेट करने के नाम पर भेजा था फ्रॉड लिंक, बंधन बैंक के खाते से साफ की थी रकम बक्सर खबर। जिला पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बैंक खाते से दो लाख सैंतीस हजार रुपये से अधिक की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई शनिवार को एसपी के निर्देश पर की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित विनोद कुमार भगत पिता- स्व. सच्चिदानंद भगत ने 3 मई 2025 को साइबर थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 16 अप्रैल 2025 को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात कॉल आई थी। साइबर ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताया था। उन्होंने पीड़ित को झांसा दिया कि उनके खाते का केवाईसी अपडेट होना है। इसके बाद ठगों ने पीड़ित के मोबाइल पर एक फ्रॉड लिंक भेजा। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक को खोला, उनके बंधन बैंक खाते से कुल 2,37,484.32 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
इस बड़ी ठगी के बाद साइबर थाना में कांड संख्या- 23/25 दर्ज किया गया था। पुलिस ने नए भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4)/319(2) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम का नेतृत्व साइबर थानाध्यक्ष सह पुलिस उपाधीक्षक अविनाश कुमार कश्यप कर रहे थे। गठित टीम ने आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई शुरू की। वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने इस कांड में शामिल मुख्य अभियुक्त को धर दबोचा। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अभियुक्त ने इस साइबर ठगी कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान यशवंत कुमार पिता- स्व. राम औतार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के खीरी जिले के पसगंवा थाना अंतर्गत रामपुर रामदास गांव का रहने वाला है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से ठगी के अपराध में इस्तेमाल किया गया 01 वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन और 02 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में साइबर थानाध्यक्ष के साथ अपर थानाध्यक्ष रामरतन पंडित, पु०नि० संजय कुमार सिंह, पु०अ०नि० शुभम राज, श्रीकांत, अनुपम कुमारी और साइबर थाने के सशस्त्र बल शामिल थे।






























































































