मंत्री रमा निषाद ने किया उद्घाटन, ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को मिलेंगे नए पंख बक्सर खबर। डुमरांव प्रखंड के हरनीचट्टी अदफा स्थित कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय में शुक्रवार को छात्राओं के लिए संचालित होने वाली ‘दीदी की रसोई’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद ने किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्राओं को बेहतर शिक्षा, आवासीय सुविधा, स्वास्थ्य और पोषण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जीविका दीदियों की भागीदारी से भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। ‘दीदी की रसोई’ का संचालन जीविका समूह की महिलाएं करेंगी। इसका उद्देश्य छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने रसोई का निरीक्षण किया और भोजन निर्माण व संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। सभी ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण और बेहतर संस्थागत सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस मौके पर विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। मंत्री ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में राजपुर विधायक संतोष निराला, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अरविंद कुमार, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक दयानिधि चौबे, विद्यालय की प्राचार्य करीना कुमारी तथा समाज कल्याण पदाधिकारी बबीता कुमारी उपस्थित रहीं। विद्यालय की छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।































































































