आम की आड़ में विदेशी शराब की तस्करी, 34 लाख की खेप जब्त

0
38

उत्पाद विभाग ने चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर जा रही 325 पेटियां कीं बरामद, हिमाचल का चालक गिरफ्तार                                                          बक्सर खबर। आम के मौसम का फायदा उठाकर शराब तस्करी का अनोखा तरीका अपनाया गया, लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता से तस्करों की योजना विफल हो गई। शनिवार तड़के शहर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि सुबह करीब चार बजे वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक (एचपी 72 डी- 4411) को रोका गया। ट्रक में आम की कैरेट रखी गई थी। ऊपर से सड़े-गले आम लदे थे, जबकि कैरेट के नीचे विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। जांच में ट्रक से विभिन्न ब्रांडों की 325 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 2871.720 लीटर है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 34 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है।

अधिकारियों के अनुसार शराब की खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान ट्रक को जब्त कर लिया गया तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार चालक की पहचान रवि कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के राम सहर नन्द थाना क्षेत्र के राम सहर नंद गांव का निवासी बताया गया है। यह कार्रवाई वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट प्रभारी निरीक्षक मध्य निषेध कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई में ऑल सीजन 180 एमएल की 108 पेटी, रॉयल चैलेंज 750 एमएल की 28 पेटी, रॉयल स्टैग 180 एमएल की 40 पेटी, आईबी 750 एमएल की 49 पेटी और रॉयल चैलेंज 375 एमएल की 100 पेटी शराब जब्त की गई है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here