समय पर और पारदर्शी तरीके से हो जांच, दोषियों को बख्शे नहीं सरकार बक्सर खबर। भोजपुर जिले के ग्राम बिलौटी में हुए भरत भूषण तिवारी प्रकरण को लेकर युवा जदयू के प्रदेश महासचिव आजाद सिंह राठौर ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सरकार से मामले की न्यायिक जांच को और अधिक तेज, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने की मांग की। राठौर ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला है। इसकी सच्चाई जल्द सामने आनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। साथ ही आम लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास भी कायम रहे। उन्होंने कहा कि न्याय तभी सार्थक है, जब वह समय पर और निष्पक्ष तरीके से मिले। जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। प्रशासन मामले के हर पहलू की गहन जांच कर दोषियों की पहचान करे।
उन्होंने कहा कि अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के अनुसार उसे कठोर दंड मिलना चाहिए। इससे समाज में कानून का सम्मान बढ़ेगा और ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा। आजाद सिंह राठौर ने भरत भूषण तिवारी के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में सभी लोग पीड़ित परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।































































































