30 जून दोपहर 12 बजे तक सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश बक्सर खबर। जिले के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए रघुनाथपुर स्थित केएचके +2 उच्च विद्यालय परिसर में एक जुलाई से डिग्री कॉलेज का संचालन शुरू किया जाएगा। इसकी तैयारियों का शनिवार को जिलाधिकारी साहिला ने स्वयं निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन के सभी हिस्सों का अवलोकन किया। उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, अंचलाधिकारी केसठ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि डिग्री कॉलेज के संचालन के लिए भूतल के पांच कमरों का चयन किया गया है। इन कमरों में आवश्यक कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि 30 जून को दोपहर 12 बजे तक सभी आवश्यक कार्य एजेंसी के माध्यम से हर हाल में पूरे करा लिए जाएं। साथ ही एक जुलाई से कॉलेज के संचालन के लिए छात्रों को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने डिग्री कॉलेज के लिए अतिरिक्त शौचालय का निर्माण कराने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा विद्यालय परिसर में नियमानुसार चहारदीवारी का निर्माण सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि परिसर सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।































































































