मुख्य सचिव ने डीएम को किया सम्मानित, मिला एक लाख का पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र बक्सर खबर। फार्मर रजिस्ट्री के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बक्सर जिले ने पूरे बिहार में तृतीय स्थान हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। इस सफलता के लिए गुरुवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत द्वारा जिलाधिकारी साहिला को सम्मानित किया गया। सम्मान के तहत उन्हें एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। जिले की यह उपलब्धि जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व और प्रशासनिक दक्षता का परिणाम मानी जा रही है। उनके मार्गदर्शन में टीम वर्क और प्रभावी निगरानी के चलते जिला फार्मर रजिस्ट्री में राज्य के शीर्ष तीन जिलों में अपनी जगह बनाने में सफल रहा।
जिलाधिकारी ने इस सफलता का श्रेय अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह के सतत अनुश्रवण, सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों, जिला कृषि पदाधिकारी समेत कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को दिया। इसके अलावा प्रखंड, अंचल और पंचायत स्तर पर कार्यरत सभी पदाधिकारियों व कर्मियों के सामूहिक प्रयास को भी सराहा। उन्होंने कहा कि टीम की मेहनत और समन्वय के कारण ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है, और आगे भी इसी तरह जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।





























































































