सफाई और जलापूर्ति को छोड़ सभी प्रशासनिक कार्य बंद, सभापति ने जताया कड़ा रोष बक्सर खबर। नगर परिषद सुल्तानगंज के कार्यपालक पदाधिकारी और मुख्य पार्षद पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में बुधवार को बक्सर नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार किया। घटना की कड़ी निंदा करते हुए नगर परिषद के सभी प्रशासनिक एवं विभागीय कार्य पूरी तरह ठप रहे। बताया गया कि 28 अप्रैल को सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा ईओ और मुख्य पार्षद पर हमला किया गया था। इस घटना को कर्मचारियों ने प्रशासनिक व्यवस्था के मनोबल को तोड़ने वाला करार दिया। कर्मियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान एक लोक सेवक और जन-प्रतिनिधि पर हमला सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विरोध के तहत कार्यालय में तालाबंदी जैसी स्थिति रही। हालांकि, आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति और सफाई जैसी अति-आवश्यक सेवाओं को इस बहिष्कार से मुक्त रखा गया।
इस संबंध में नगर परिषद की सभापति कमरून निशा ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सुल्तानगंज में अधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों पर हुआ हमला कायरतापूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जब प्रशासनिक अधिकारी ही सुरक्षित नहीं होंगे, तो व्यवस्था का सुचारु संचालन संभव नहीं है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और भविष्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की। सभापति ने बताया कि यह कार्य बहिष्कार प्रतीकात्मक विरोध है, ताकि प्रशासन और सरकार इस मुद्दे की गंभीरता को समझे। साथ ही नगरवासियों से सहयोग की अपील की गई है। नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य आम जनता को असुविधा पहुंचाना नहीं, बल्कि कार्यस्थल पर भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति सामान्य होते ही कार्यालय के पुनः संचालन की सूचना दे दी जाएगी। फिलहाल, नगरवासियों से धैर्य बनाए रखने और सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।






























































































