न्यायिक अधिकारियों को दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश बक्सर खबर। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली इस की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झांब की अध्यक्षता में उनके प्रकोष्ठ में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएलएसए सचिव नेहा दयाल ने जिले के सभी न्यायिक पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मामलों की प्रगति पर चर्चा की। प्रधान जिला जज ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आम लोगों को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।
उन्होंने न्यायिक अधिकारियों को सुलह योग्य मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। बैठक में बैंक ऋण, बिजली बिल, पारिवारिक विवाद तथा प्री-लिटिगेशन मामलों के निपटारे पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से अधिकाधिक मामलों को लोक अदालत के माध्यम से सुलझाने की अपील की गई।बैठक में कुटुंब न्यायालय, विशेष न्यायालय, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, सब-जज तथा सिविल जज समेत कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। मौके पर प्रधान जिला जज काजल झांब एवं डीएलएसए सचिव नेहा दयाल ने जिलेवासियों से राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लोग मुकदमों के लंबे चक्कर से बच सकते हैं और समय व धन दोनों की बचत कर सकते हैं।


































































































