डीएम और एसपी ने की हाई-लेवल मीटिंग, बक्सर और डुमरांव में क्यूआरटी तैनात कर नियमित जांच अभियान चलाने का फैसला बक्सर खबर। जिले में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ट्रैफिक नियमों के सख्ती से पालन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में तीन तथा डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में दो क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित कर प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात करने का निर्देश दिया गया। ये टीमें अवैध पार्किंग, वाहनों के शीशों पर काली फिल्म, ओवरलोडिंग, नाबालिग चालकों द्वारा वाहन संचालन, ऑटो-रिक्शा व टो-टो की जांच के साथ हेलमेट, सीट बेल्ट, प्रदूषण और फिटनेस प्रमाणपत्र की नियमित जांच करेंगी। ट्रिपल लोडिंग करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी। राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन उल्लंघन करने वाले वाहनों और सवारी वाहनों द्वारा मनमाने तरीके से यात्रियों को चढ़ाने-उतारने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अवैध हूटर और तेज आवाज वाले हॉर्न के इस्तेमाल पर भी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने शहर में लगने वाले जाम के प्रमुख कारणों- सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर भी कड़ा रुख अपनाया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि नियमित अभियान चलाकर सड़क किनारे ठेला, सब्जी दुकान लगाने वालों को हटाया जाए और नियम उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूला जाए। नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी को यातायात उपाधीक्षक के साथ समन्वय स्थापित कर चिन्हित स्थलों पर साइनेज बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया है। वहीं, सड़कों पर बने गड्ढों से उत्पन्न जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पथ निर्माण विभाग को शीघ्र मरम्मत कराने को कहा गया है। इसके अलावा, जिन सड़कों का चौड़ीकरण किया गया है, उनका कालीकरण कराने तथा धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी छिड़काव सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।




























































































