भाकपा-माले के राज्य सम्मेलन को लेकर प्रतिनिधि चयन चुनाव सम्पन्न

0
44

15 सीटों के लिए 27 उम्मीदवार मैदान में, लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत हुआ मतदान                                    बक्सर खबर। दरभंगा के लहेरियासराय में आगामी 16 से 18 मई तक आयोजित होने वाले भाकपा-माले के 12वें राज्य सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को डुमरांव स्थित पार्टी कार्यालय में जिले से प्रतिनिधियों के चयन हेतु चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। राज्य सम्मेलन के लिए निर्धारित 15 सीटों पर प्रतिनिधि चुनने के लिए कुल 27 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चली। चुनाव को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए भोजपुर के वरिष्ठ नेता व राज्य कमिटी सदस्य कॉमरेड संजय सिंह ऑब्जर्वर के रूप में उपस्थित रहे। निर्वाचक मंडल में पार्टी के जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कमिटी सदस्य शामिल हुए। इस दौरान मणियां और बसांव कला के मुखिया, बीडीसी, सरपंच सहित पूर्व वार्ड पार्षद बुधिया देवी जैसे जनप्रतिनिधियों ने भी मतदान में भाग लिया।

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और स्थानीय दिग्गजों ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रमुख रूप से कॉमरेड नवीन कुमार, कॉमरेड मनोहर एवं पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के उपरांत जिला सचिव कॉमरेड नवीन कुमार ने कहा कि भाकपा-माले के भीतर सांगठनिक चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न होते हैं। उन्होंने बताया कि आगामी राज्य सम्मेलन में पिछले कार्यकाल की समीक्षा के साथ-साथ देश में बढ़ती फासीवादी ताकतों और राज्य में कथित बुलडोजर राज के खिलाफ व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी का मुख्य लक्ष्य नए क्षेत्रों में संगठन का विस्तार करना, संयुक्त मोर्चे के माध्यम से जनता की आवाज को बुलंद करना तथा बिहार में जनहित के मुद्दों पर व्यापक आंदोलन खड़ा करना है। सम्मेलन में नई राज्य कमिटी के गठन के साथ-साथ राजनीतिक दिशा और संघर्ष की रूपरेखा भी तय की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here