कूलर की आड़ में छिपाई गई 30 लाख की शराब जब्त, दो गिरफ्तार

0
233

पंजाब से बिहार लाई जा रही थी 4941 लीटर शराब, उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई                                 बक्सर खबर। जिले में उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की खेप को पकड़ने में सफलता हासिल की है। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि पंजाब से बिहार के लिए भारी मात्रा में शराब लाई जा रही है। सूचना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच अभियान तेज कर दिया गया। रात करीब 10:30 बजे वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर संदिग्ध ट्रक (नंबर HP 65 9737) बिहार की सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया। चेकपोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में ट्रक को रोककर जांच की गई। पहले स्कैनर से ट्रक की जांच की गई, लेकिन उसमें शराब होने की पुष्टि नहीं हो सकी। हालांकि, गुप्त सूचना के आधार पर टीम को शक बना रहा, जिसके बाद ट्रक की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने ट्रक के भीतर से 449 पेटी बीयर और शराब बरामद की। जांच में सामने आया कि ट्रक में 55 छोटे-बड़े कुलर लोड थे, जिन्हें चारों ओर इस तरह रखा गया था कि बीच में छुपाई गई शराब की पेटियां स्कैनर की पकड़ में न आ सकें।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त शराब में 300 पेटी गॉडफादर बीयर 3600 लीटर और 149 पेटी विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की 1341 लीटर शामिल हैं। कुल मिलाकर 4941 लीटर शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। मौके से ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान जमुई जिले के मिर्चा निवासी मुकेश कुमार, स्व. भैरव यादव के पुत्र और सिकन्दरा क्षेत्र निवासी सुबोध कुमार, सुधीर ठाकुर के पुत्र के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब पंजाब के मंडी गोविंदगढ़ से जमुई ले जाई जा रही थी। उत्पाद विभाग ने शराब, ट्रक और 55 कुलरों को जब्त कर लिया है तथा दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विभाग का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here