अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत अस्पतालों और होटलों में मॉक ड्रिल

0
3

बिजली उपकरणों का निरीक्षण, अग्निशमन विभाग ने दी पोर्टेबल यंत्र चलाने की ट्रेनिंग                                     बक्सर खबर। जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देशानुसार 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जा रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत शुक्रवार को शहर में विभिन्न जागरूकता एवं सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस क्रम में सदर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में टीम द्वारा कई प्रमुख संस्थानों में निरीक्षण, मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्युत अभियंता के साथ मिलकर सदर अस्पताल, मां मुंडेश्वरी हॉस्पिटल, विश्वामित्र अस्पताल, एकांश हॉस्पिटल, बीके ग्लोबल हॉस्पिटल, मां शिवरात्रि हॉस्पिटल, वैष्णवी हॉस्पिटल एवं होटल रॉयल प्लाजा में बिजली से संबंधित उपकरणों की गहन जांच की। इस दौरान शॉर्ट सर्किट से होने वाली संभावित अग्निकांड की घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। टीम द्वारा विभिन्न संस्थानों में मॉक ड्रिल का आयोजन कर आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।

साथ ही, कर्मचारियों को पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र के सही उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाया जा सके। इसके अलावा, आम लोगों और संस्थान कर्मियों के बीच आपातकालीन सेवा नंबर 101 एवं 112 की जानकारी का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इस मौके पर सदर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने कहा कि अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता और तैयारी सबसे महत्वपूर्ण है। नियमित जांच, सही उपकरणों का उपयोग और समय पर सूचना देने से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। अग्निशमन विभाग हर स्थिति से निपटने के लिए तत्पर है, लेकिन आमजन की सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है। अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न हिस्सों में जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here