—कमलेश देहाती और मनीषा राज ने गायकी से बांधा समां बक्सर खबर। चौसा नगर पंचायत अंतर्गत आदर्श उच्च विद्यालय के खेल मैदान में गुरुवार की रात डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भव्य दुगोला चैता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थर्मल पावर मजदूर यूनियन के महामंत्री एवं पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज कुमार यादव ने किया। इस मौके पर ग्रामीणों, युवाओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा मैदान खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रो. आरके पांडेय, दरोगा राम एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। आयोजक डॉ. मनोज कुमार यादव ने अतिथियों का पगड़ी व माला पहनाकर स्वागत किया।
सांस्कृतिक संध्या में उत्तर प्रदेश के बलिया से आए लोक कलाकार कमलेश देहाती और छपरा की गायिका मनीषा राज ने चैता गायन की शानदार प्रस्तुति दी। उनके सुरों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे और पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के हर वर्ग को शिक्षा का अधिकार दिलाया और उनके सपनों का भारत बनाने के लिए शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षित करने की अपील की। वहीं प्रो. आरके पांडेय ने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






























































































