थर्मल पावर प्लांट परिसर में सांस्कृतिक आयोजन, झूमे लोग बक्सर खबर। चौसा थर्मल पावर प्लांट परिसर स्थित मुरा बाबा के स्थान पर बुधवार को श्री मुरा बाबा पूजा समिति के तत्वावधान में दुगोला चैता गायन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रसिद्ध लोकगायक सुदर्शन यादव और सुप्रसिद्ध गायक रमाशंकर सिंह के बीच रोमांचक दुगोला चैता गायन मुकाबला प्रस्तुत किया गया। दोनों कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज, पारंपरिक शैली और भोजपुरी लोकधुनों से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के लोग उपस्थित रहे और देर तक लोकसंगीत का आनंद लेते रहे।
इस अवसर पर पूर्व जिला पार्षद सह अधिवक्ता मनोज कुमार यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि चैता लोकगीत हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा, सांस्कृतिक चेतना और परंपराओं के संरक्षण को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में भी लोक परंपराओं का जीवित रहना ऐसे आयोजनों और कलाकारों की देन है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय कुमार चौधरी ने की। इस मौके पर सिंहासन चौधरी, शिव दाहिन राय, सुदर्शन राजभर, रामकृष्ण चौधरी, समाजसेवी अधिवक्ता विनोद यादव, नसीम शाह, बहुजन समाज पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष विजय कुमार राम एवं ज्योति यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


































































































