वक्ताओं ने भगवान राम के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान बक्सर खबर। विश्व हिंदू परिषद की जिला इकाई द्वारा बुधवार को शहर के गोलंबर स्थित हनुमान मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ राम उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के जिलाध्यक्ष सिद्धनाथ मिश्र ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत पर्यावरण प्रमुख जयशंकर पांडेय ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा हर वर्ष राम उत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसका उद्देश्य भगवान राम के आदर्श जीवन से समाज को प्रेरणा देना है। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन त्याग, मर्यादा और समाज में समानता का संदेश देता है। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि जब भगवान राम के राज्याभिषेक की तैयारी हो रही थी, तब उन्होंने स्वयं वनवास स्वीकार कर यह संदेश दिया कि जीवन का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं, बल्कि मानवता का उत्थान है। वनवास के दौरान उन्होंने निषाद राज को अपने समकक्ष स्थान देकर सामाजिक समरसता का उदाहरण प्रस्तुत किया।
वक्ताओं ने आगे कहा कि भगवान राम ने माता अनुसूया के आश्रम में मातृत्व की सेवा का महत्व समझाया और शबरी के जूठे बेर ग्रहण कर समाज में यह संदेश दिया कि सभी मनुष्य समान हैं, किसी भी प्रकार की जातिगत भेदभाव की कोई जगह नहीं है। उन्होंने वनवासी समाज को संगठित कर रावण पर विजय प्राप्त की, जो एकता और संगठन की शक्ति को दर्शाता है। कार्यक्रम में मंत्री संजय राय, विभाग मंत्री ईश्वर दयाल, उपाध्यक्ष संजय सिंह, सुरेंद्र राय, बजरंग दल संयोजक बलराम मिश्रा, सह संयोजक अमित पांडेय, प्रांत सत्संग प्रमुख कन्हैया पाठक, सुशील राय, हरेंद्र प्रसाद सिंह, शैलेंद्र राय, सुधांशु कुमार सिंह, अवधेश कुमार पांडेय सहित कई लोग उपस्थित रहे।


































































































