समृद्धि यात्रा: मुख्यमंत्री ने दी 592 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

0
833

किला मैदान से हुआ 41 योजनाओं का उद्घाटन और 23 का शिलान्यास, जीविका समूहों और उद्यमियों को बांटे करोड़ों के चेक                                                         बक्सर खबर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान बुधवार को जिले को 592 करोड़ रुपये की 64 विकासात्मक योजनाओं की बड़ी सौगात दी। किला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने दूरसंचार माध्यम से 106 करोड़ की 41 योजनाओं का उद्घाटन तथा 486 करोड़ की 23 योजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया और लाभुकों के बीच योजनाओं का वितरण भी किया। इस क्रम में 7,441 जीविका समूहों को 33 करोड़ 17 लाख रुपये, 7,859 स्वयं सहायता समूहों को बैंकों के माध्यम से 100 करोड़ रुपये के ऋण के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की सहायता, आयुष्मान कार्ड, बिहार छात्र ऋण पत्र, तथा कुशल युवा कार्यक्रम के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री के आगमन पर जीविका दीदियों ने स्वागत गान प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि राज्य के विकास में जीविका समूहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार उनके साथ खड़ी है। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा भी की। इनमें गंगा तटबंध सुदृढ़ीकरण, विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण, अटल कला भवन निर्माण, आईटीआई मैदान में खेल स्टेडियम का निर्माण, धनसोई बाईपास तथा जनेश्वर मिश्र पुल के पहुंच पथ निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सात निश्चय-2 और सात निश्चय-3 योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य लोगों का जीवन आसान बनाना और युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना है। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

फोटो – जीविका समूह की महिलाओं को चेक देते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए बदलावों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि राज्य में चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या बढ़ी है, अस्पतालों में बेड की संख्या में विस्तार किया जा रहा है और सड़कों-पुलों का तेजी से निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं के कारण बिहार में सकारात्मक परिवर्तन दिख रहा है और आगे भी विकास की गति जारी रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए राज्य के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मो. जमा खान, विधायक संतोष कुमार निराला, आनंद मिश्र, राहुल कुमार सिंह, नगर परिषद सभापति कमरून निशा, जदयू नेत्री अंजूम आरा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here