80 प्रतिशत काम पूरा, एक साथ खड़े हो सकेंगे 200 से ज्यादा वाहन, बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए चलेंगे निशुल्क वाहन बक्सर खबर। शहरवासियों को जल्द ही जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने वाली है। नगर परिषद द्वारा शहर के बीचों-बीच ऐतिहासिक किला मैदान के पीछे एक अत्याधुनिक पार्किंग स्थल का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। यह परियोजना अंतिम चरण में है और लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। नगर परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने बताया कि चयनित भूखंड वर्षों से गड्ढे के रूप में पड़ा था, जिसे पहले मिट्टी भराई कर समतल किया गया। इसके बाद जमीन पर पेवर ईंट बिछाने का कार्य तेजी से जारी है। पार्किंग स्थल को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं और शहरवासियों को बेहतर सुविधा मिल सके। धार्मिक नगरी के रूप में प्रसिद्ध बक्सर में मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, मुंडन संस्कार और अन्य अवसरों पर लाखों श्रद्धालु रामरेखा घाट पहुंचते हैं। ऐसे समय में शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है, क्योंकि अब तक स्थायी पार्किंग की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। इस समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने यह ठोस पहल की है।
नए पार्किंग स्थल में एक साथ लगभग 200 ट्रैक्टर और सैकड़ों छोटी-बड़ी गाड़ियों के खड़े होने की व्यवस्था की जा रही है। खास बात यह है कि पार्किंग स्थल तक पहुंचने के लिए दो अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं, एक किला मैदान के नहर छोर से और दूसरा पुरानी बस स्टैंड की ओर से। यातायात सुगम बनाने के लिए एक गेट से प्रवेश और दूसरे से निकासी की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां पेयजल की व्यवस्था, हरियाली के लिए प्लांटेशन और एक गार्ड कक्ष का निर्माण भी किया गया है। इसके अलावा बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए पार्किंग से रामरेखा घाट तक नि:शुल्क पहुंचाने हेतु दो बैटरी चालित वाहन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। चेयरमैन प्रतिनिधि ने बताया कि अप्रैल महीने में इस पार्किंग स्थल को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं प्रतिदिन निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं, ताकि परियोजना समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी हो सके।































































































