दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, आरोपी गिरफ्तार बक्सर खबर। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मदन डेरा गांव में महज 1100 रुपये के विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनसोई की रहने वाली सोनम की शादी मदन डेरा निवासी सोनेलाल यादव के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले सोनम ने 1100 रुपये कहीं खर्च कर दिए थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर तनाव रहता था।
रविवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सोनेलाल ने लाठी-डंडों से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वालों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी आंखों के सामने से मां का साया छिन गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।



































































































