कांग्रेस ने ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने पर उठाए गंभीर सवाल, डीएम पर आरोपों को बताया दुर्भाग्यपूर्ण बक्सर खबर। जिला कांग्रेस के नेताओं ने इटाढ़ी रेलवे गुमटी को तत्काल जनहित में खोलने तथा इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज प्रकरण की उच्चस्तरीय, स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। यह मांग कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद मौर्य और किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी कर की। नेताओं ने कहा कि लगभग 26.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इटाढ़ी आरओबी के परिचालन के महज 10 दिनों के भीतर उसके एक हिस्से के धंसने अथवा क्षतिग्रस्त होने की घटना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने इसे केवल तकनीकी विफलता नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सरकारी विकास योजनाओं की विश्वसनीयता से जुड़ा गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि आरओबी क्षतिग्रस्त होने से छात्र-छात्राओं, मरीजों, व्यापारियों, किसानों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए जनहित में रेलवे गुमटी को तत्काल खोला जाए, ताकि आवागमन सुचारु रूप से बहाल हो सके।
कांग्रेस नेताओं ने निर्माण एजेंसी, गुणवत्ता की निगरानी करने वाले अधिकारियों, तकनीकी स्वीकृति देने वाले अभियंताओं तथा अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, भुगतान अभिलेख, माप पुस्तिका, गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट और संपूर्ण निर्माण प्रक्रिया की तकनीकी जांच कराने की भी मांग की। संयुक्त वक्तव्य में कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा जिलाधिकारी पर लगाए गए आरोपों को अनुचित और दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया। नेताओं ने कहा कि यह परियोजना वर्तमान जिलाधिकारी के कार्यभार ग्रहण करने से काफी पहले शुरू हो चुकी थी और अधिकांश कार्य पूरा हो चुका था। ऐसे में बिना तथ्यों की जानकारी के उन पर आरोप लगाना उचित नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व समस्याओं का समाधान निकालना और जनहित में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराना है। यदि वास्तव में जनता की चिंता है, तो सभी जनप्रतिनिधियों को रेलवे गुमटी खोलने, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए।






























































































