– बरामद हुआ देसी कट्टा व कारतूस, अन्य चार-पांच की तलाश जारी
बक्सर खबर। पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले शराब के दो धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को मुकम्मल हुई। गिरफ्तार दोनों आरोपी भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। इसकी जानकारी शनिवार को पीसी के दौरान एसपी शुभम आर्य ने दी। उन्होंने बताया, जवही दियर पिकेट (पुलिस चौकी) पर कार्यरत दो सिपाहियों के साथ दो मार्च के दिन कुछ लोगों ने मारपीट की। इसकी प्राथमिकी तीन मार्च को ब्रह्मपुर थाने में दर्ज की गई थी। एक आरोपी उसी दिन गिरफ्तार हुआ था। अन्य दो मुख्य आरोपी शुक्रवार को ब्रह्मपुर पश्चिम टोला से पकड़े गए। उनके पास से एक देसी तमंचा और पांच जिंदा कारतूस मिले हैं।
इनके नाम रवि कुमार पिता राजन कुमार ग्राम सरना, पप्पू कुमार पिता सुरेन्द्र तुरहा, ग्राम रानीसागर,( दोनों थाना शाहपुर, जिला भोजपुर ) है। इनके कुछ साथियों की तलाश अभी जारी है। कप्तान ने बताया जवही दियर उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा हुआ है। इस रास्ते शराब के तस्कर अक्सर आते-जाते हैं। यहां नजर रखने के लिए हवलदार रामप्यारे पासवान व उनके सहयोगी सिपाही रोशन कुमार को तैनात किया गया है। घटना के दिन सिपाही रोशन कुछ जरूरी सामान खरीदने बाजार की तरफ गया था। तभी बाइक सवार कुछ युवक आ धमके। उन लोगों ने सिपाही के साथ मारपीट की। उसका वीडियो भी किसी ने बनाया था। उसकी मामले में यह कार्रवाई हुई है। अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी धरपकड़ के लिए छापामारी जारी है।






























































































