महादलित टोलों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी मोबाइल थेरेपी वैन, जरूरतमंदों को मिलेगा निःशुल्क इलाज और उपकरण बक्सर खबर। जिलाधिकारी साहिला ने शनिवार को सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बुनियाद केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्र में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आम लोगों तक इन सेवाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बुनियाद केन्द्र द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने मोबाइल थेरोपी वैन को महादलित टोलों, प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में भेजकर वृद्ध, महिला, पुरुष, दिव्यांग एवं विधवा सहित अन्य जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही वैन के कार्यक्रम का पूर्व से प्रचार-प्रसार करने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना देने को कहा।
प्रबंधक बुनियाद केन्द्र ने बताया कि बक्सर सदर एवं डुमरांव प्रखंड कार्यालय परिसर में बुनियाद केन्द्र संचालित है। इसके माध्यम से वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण जैसे श्रवण यंत्र, आंखों की जांच तथा चश्मा वितरण की सुविधा भी दी जाती है। इसके अलावा लकवा या रीढ़ अथवा अन्य अंगों की हड्डी टूटने की स्थिति में मरीजों को पर्याप्त फिजियोथेरेपी की निःशुल्क सुविधा भी प्रदान की जाती है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था भी इसी केन्द्र के माध्यम से की जाती है। प्रबंधक ने जानकारी दी कि अप्रैल से फरवरी तक सदर में 1493 और डुमरांव में 850 चश्मों का वितरण किया गया है। इसके अलावा 56 मोटर ट्राई साइकिल, 1 सेंसर छड़ी, 9 हाथ से चलने वाली ट्राई साइकिल, 1 छड़ी, 10 बैसाखी, 11 श्रवण यंत्र, 12 व्हीलचेयर तथा 1 वॉकर का भी वितरण किया गया है।
जिलाधिकारी ने ऑपथॉल्मोलॉजिस्ट के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विभाग को तत्काल अधियाचना भेजने का भी निर्देश दिया। इस मौके पर सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीपीएम बुनियाद केन्द्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।






























































































