वित्तीय साक्षरता पर राष्ट्रीय संगोष्ठी संपन्न, सीखे निवेश के गुर 

0
51

एमवी कॉलेज में सेबी और एनएसई के विशेषज्ञों ने शेयर बाजार की बारीकियों और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के बताए उपाय                                                            बक्सर खबर। शहर के महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में शनिवार को सेबी और एनएसई के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय शिक्षा एवं निवेश जागरूकता विषय पर राष्ट्रीय ऑनलाइन संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों तथा आम नागरिकों के बीच वित्तीय साक्षरता और निवेश के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कृष्णाकांत सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय शिक्षा अत्यंत आवश्यक हो गई है। सही वित्तीय ज्ञान से ही व्यक्ति सुरक्षित और बेहतर आर्थिक निर्णय ले सकता है। उन्होंने ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्रों में आर्थिक समझ और जिम्मेदार निवेश की सोच विकसित होती है।

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज के उप प्रबंधक ऐश्वर्य जैन थे। उन्होंने अपने व्याख्यान में वित्तीय साक्षरता, बचत और निवेश के महत्व, शेयर बाजार की मूलभूत जानकारी तथा निवेश से जुड़े संभावित जोखिमों के बारे में विस्तार से चर्चा की। साथ ही प्रतिभागियों को जागरूक निवेशक बनने और वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए। इस अवसर पर सेबी से डॉ. अजीत कुमार मौर्य भी सत्र में शामिल हुए और प्रतिभागियों को वित्तीय जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम की संयोजक अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. अर्चना मिश्रा तथा आयोजन सचिव सहायक प्राध्यापक डॉ. आदित्य सिंह थे। उनके कुशल मार्गदर्शन और प्रयासों से यह संगोष्ठी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। संगोष्ठी में देश के विभिन्न राज्यों के शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसके अलावा महाविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और गैर-शैक्षणिक कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आदित्य सिंह ने किया, जबकि अंत में डॉ. अर्चना मिश्रा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here