– समर्थकों ने निकाला जुलूस, विरोध में लगे नारे
बक्सर खबर। जदयू जिलाध्यक्ष का चुनाव रविवार को खासी चर्चा के बाद संपन्न हो गया। चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ होते ही कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। लेकिन, किसी की इसमें चली नहीं। अंतत: अशोक सिंह को निर्वाचित घोषित कर दिया गया। हालांकि चुनाव अधिकारी के समक्ष 11 ने नामांकन किया था। उनमें से एक का आवेदन अस्वीकृत हो गया था। लेकिन, जब मत विभाजन के समय आया। तो अधिकांश लोगों ने हाथ उठाकर अशोक सिंह का समर्थन किया। इस वजह से अन्य लोगों की दावेदारी धरी की धरी रह गई। सूचना के अनुसार कुल 205 के लगभग डेलीगेट थे।
जिनको इस चुनाव में मतदान करना था। इसमें से लगभग 192 उपस्थित थे। और अधिकांश ने ध्वनि मत से निवर्तमान अध्यक्ष अशोक सिंह के प्रति अपना समर्थन जताया। चुनाव प्रक्रिया गोयल धर्मशाला में चल रही थी। जो नगर थाना से सटा है। वहां कुछ लोगों ने बाहर में प्रदर्शन किया। उन सभी को पुलिस ने वहां से चलता किया। निर्वाचन के उपरांत अशोक सिंह अपने समर्थकों के साथ जिला अतिथि गृह पहुंचे। जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने बक्सर खबर के साथ हुई बातचीत में कहा। यह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं और हमारे डेलीगेट्स की जीत है। हमें सबका सहयोग मिला। यह चुनाव एक तरह से निर्विरोध ही रहा। उन्होंने इसके लिए अपने सभी पार्टी नेताओं को धन्यवाद दिया।































































































