-गर्मी में लोग परेशान, बिजली बिल जमा नहीं होने के कारण आपूर्ति बाधित
बक्सर खबर। सरकार हर घर नल का जल पहुंचाने के लिए प्रयास कर रही है। लेकिन, यह दावे रोज ही फेल होते रहते हैं। यही हाल है चौसा प्रखंड के सरेंजा गांव का। यहां पिछले पांच दिन से जल मीनार का मोटर बंद है। वजह जान आप भी हैरान होंगे। क्योंकि बिजली का बिल जमा नहीं होने के कारण विभाग ने कनेक्शन काट दिया है। और इस वजह से जल मिनार का मोटर बंद है। गांव के लोग परेशान हैं। क्योंकि गर्मी का मौसम चल रहा है। पानी का लेयर नीचे जा रहा है। ऐसे में चापाकल भी जवाब दे रहे हैं। विभाग की इस लापरवाही के कारण वैसे लोग ज्यादा परेशान हैं। जो कमजोर वर्ग के हैं।
यहां सालों से यह पानी टंकी चलती आ रही है। गांव की बड़ी आबादी इस पर निर्भर है। लेकिन, पानी बंद हो जाने से लोग परेशान हैं। सरकार की जग हंसाई हो रही है और प्रशासन का गुणगान। क्योंकि पांच दिन हो गए। कोई अधिकारी इसकी सुध नहीं ले रहा। यहां के रहने वाले युवा कुंदन ने बातचीत के दौरान बताया। इससे सैकड़ों परिवार प्रभावित हैं। आस-पास कुछ चापाकल हैं। जिनसे लोग अपना काम चला रहे हैं। लेकिन, अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे। पेयजल आपूर्ति पांच से दिन बंद है। इस समस्या के बाबत जब लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण के कार्यपालक अभियंता को फोन लगाया गया। तो उन्होंने फोन भी नहीं उठाया। यह वह विभाग है जो गांव-गांव में जलापूर्ति की व्यवस्था संभाल रहा है। कागज पर चापाकल मरम्मत के लिए दल घूमा रहा है। लेकिन, इसकी सच्चाई कुछ और ही सामने आ रही है।