बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर हुई घटना
बक्सर खबर। राजपुर थाना के जमौली पुल के समीप बुधवार को दर्दनाक दुर्घटना टल गई। कोचस की तरफ से सरकारी बस चली आ रही थी। तभी नहर पुल के समीप एक बाइक पर सवार दो युवक झटके से उसके सामने आ गए। बस चालक की नजर उनपर पड़ी। उसने जोर से ब्रेक मारा। इतने में बाइक बस के नीचे आ गई। लेकिन, उसकी टक्कर से दोनों सवार दूर जा गिरे। इस वाकये पर जिस किसी की नजर पड़ी। उसका मुंह खुला का खुला रह गया।
लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था। ऐसी दुर्घटना में कोई बच सकता है। घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया। जिन्हें चोटें आई थी। उन्होंने अपने नाम हिमांशु कुमार सिंह व रवि कुमार गुप्ता बताया। दोनों राजपुर थाना के ही मंगरांव गांव के निवासी थे। सुबह आठ बजे के लगभग घर से जरुरी सामान लेने तीयरा बाजार जा रहे थे। तभी उनके साथ यह वाकया हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। उसने पूछताछ के लिए बस के चालक को हिरासत में लिया। हालांकि यात्री बस सरकारी थी। इस लिए पुलिस भी समझदारी का परिचय दे रही थी।



































































































