वांटेड पवन सिंह को पुलिस ने दबोचा

0
1813

बक्सर खबर : पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी पवन सिंह को दबोच लिया है। उसे रविवार को इटाढ़ी थाना के नारायणपुर पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। बक्सर तथा रोहतास जिले में इस अपराधी के खिलाफ कुल दस मामले दर्ज हैं। दिसम्बर महीने में 17 तारीख को इसने सिकरौल बाजार में लाला पासवान को गोली मारी थी। उसके  बाद से पुलिस ने इसकी  तलाश तेज कर दी थी। रविवार को लंबे प्रयास के बाद इसे दबोचा जा सका। पवन नगर के सुमेश्वर स्थान इलाके में रहता था। इसके पिता जी ने वहां घर बनाया है। इसकी जानकारी एसपी उपेन्द्र शर्मा ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर दी। इसके पास से एक रिवाल्वर, चार जिंदा कारतूस व साइन बाइक बरामद की गयी है। सबसे पहले वर्ष 2013 में इसका नाम पेट्रोलियम पाइप लाइन को काट तेल चोरी करने के मामले में सामने आया था। उसके बाद इसके खिलाफ एक-एक कर कई मामले दर्ज हुए।
दर्ज प्राथमिकियां
बक्सर: पवन सिंह पिता गोरख सिंह के खिलाफ कई मामले पूर्व से दर्ज हैं। मुफस्सिल थाने में 3, नगर थाना में 2, रोहतास के दावथ में 2, इटाढ़ी में 1, सिकरौल थाना में 1, । इन सभी मामलों में उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

यही है पवन,
यही है पवन,

पटना जिले का है मूल निवासी
बक्सर : पवन सिंह के पिता सज्जन व्यक्ति थे। सिंचाई विभाग में बहुत पहले उनकी तैनाती सिकरौल लख पर थी। बचपन में पवन वहीं रहा है। जिसके कारण बक्सर से ज्यादा सिकरौल में ही लोग उसको पहचानते हैं। उसके पिता सात -आठ साल पहले सेवानिवृत हो जाने के बाद सुमेश्वर स्थान इलाके में घर बनाकर रहने लगे। पर उनका बेटा अपराधी बनता गया। वे मूल रुप से पटना जिले के गौरी चक के निवासी हैं।

की थी चाय वाले की हत्या
बक्सर : शहर के सुमेश्वर स्थान इलाके में इस युवक ने चाय दुकानदार सुरेन्द्र की हत्या कर दी थी। यह घटना 11 जून 2015 को हुई थी।  इसके बाद इसके मामले में गवाह बने दूध बेचने वाले सुमेश्वर स्थान के ही हरि नरायण को नगर के रामबाग में गोली मार दी थी। यह घटना बीस जुलाई को हुई थी।

शहर के कई हिस्ट्री सीटर हैं पवन के सहयोगी
बक्सर : अपराध जगत में पांव जमाने वाले पवन के खिलाफ, आर्म्स एक्ट, बाइक लूट, तेल चोरी, हत्या के प्रयास और हत्या के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार जिले में इसके कई अपराधी मित्र हैं। जिनमें बजरंगी उर्फ मुन्ना, जलिल मियां, बलिराम उर्फ बड़क मिश्रा, दीपक केशरी, सोनू कुमार और सत्यनारायण पासवान। इनके साथ मिलकर इसने कई घटनाओं को अंजाम दिया है।

गिरफ्तारी में रही एसपी की मुख्य भूमिका
बक्सर : पवन उस दिन से ही पुलिस की रडार पर था। जब उसने बुनियादी विद्यालय के पास चाय की दुकान चलाने वाले रविन्द्र सिंह की हत्या की थी। इटाढ़ी थाना के खरहना का रहने वाला गरीब व्यक्ति यहां चाय की दुकान चला अपने परिवार को पाल रहा था। 11 जून को जब उसकी हत्या हुई। इसके बाद से एसपी उपेन्द्र शर्मा उसकी गिरफ्तारी के लिए परेशान थे। पवन की गिरफ्तारी के बाद जहां एसपी को सफलता मिली है, वहीं उसकी धर पकड़ नहीं होने की स्थिति में डांट खाने वाले पुलिस अफसरों ने भी राहत की सांस ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here