अनपढ़ से स्नातक तक के युवाओं के लिए 8 मई को लगेगा रोजगार शिविर

0
116

200 पदों पर सीधी भर्ती, महिला और पुरुष दोनों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष                                         बक्सर खबर। जिले के अनपढ़ और कम पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। जिला नियोजनालय द्वारा 08 मई को आयोजित होने वाले रोजगार शिविर में ऐसे युवाओं को भी नौकरी पाने का सुनहरा मौका मिलेगा, जिनके पास कोई औपचारिक शिक्षा नहीं है। इस रोजगार शिविर में पावर पैक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा मशीन ऑपरेटर और हेल्पर के कुल 200 पदों पर भर्ती की जाएगी। खास बात यह है कि इन पदों के लिए अनपढ़ से लेकर स्नातक तक के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिससे अनपढ़ युवाओं को भी रोजगार मिलने की बड़ी उम्मीद जगी है। चयन प्रक्रिया ऑन-द-स्पॉट होगी। चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 22,080 रुपये वेतन दिया जाएगा। कार्यस्थल हरियाणा के बावल, रेवाड़ी (सेक्टर-3) में रहेगा।

रहने के लिए कंपनी द्वारा लगभग 1000 रुपये प्रति बेड की व्यवस्था तथा भोजन के लिए 18 रुपये प्रतिदिन (दो समय खाना और दो बार चाय) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं। रोजगार शिविर का आयोजन संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित जिला नियोजनालय परिसर में किया जाएगा। समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। शिविर में शामिल होने के लिए जिला नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी अब तक पंजीकृत नहीं हैं, वे नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन करा सकते हैं। शिविर में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, आधार कार्ड लेकर आना होगा। नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदान करने की है। नियुक्ति से संबंधित सभी शर्तों की जिम्मेदारी कंपनी की होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here